सड़क हादसे में हुई दो मौतों से आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव -

सिकंदराराऊ। हाथरस राजमार्ग पर गांव बस्तोई पुल के निकट साइड में खड़े सवारियों से भरे टेंपो में एक मेटाडोर ने टक्कर मार दी। इससे टेंपो में सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जबर्दस्त की टेंपो 20 मीटर दूर बंबे में जा गिरा और मेटाडोर भी पलट गई। दुर्घटना के बाद क्रेन लेकर मेटाडोर उठाने आई हसायन पुलिस को पथराव कर लोगों ने दौड़ा दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर जाम भी लगाया। बाद में शाम सात बजे कुछ लोगों के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने घायलों को कस्बे के अस्पतालों में भर्ती कराया। वहां से डाक्टरों ने कई को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया है।
सोमवार शाम करीब चार बजे सिकंदराराऊ से सवारियां लेकर एक टेंपो हाथरस जा रहा था। चालक हाथरस राजमार्ग पर गांव बस्तोई पुल के निकट टेंपो से सवारियां उतार रहा था तभी सिकंदराराऊ की तरफ से आ रही मेटाडोर ने ट्रक को बचाने के चक्कर में टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि टेंपो हवा में उछल कर 20 मीटर दूर बंबे में जा गिरा। टेंपो में डेढ़ दर्जन सवारियां थीं। कुछ बंबे के पानी में डूबने लगीं तो कुछ रोड पर ही गिर गईं। दुर्घटना के बाद लोगों ने बंबे में कूद कर घायल सवारियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में गुड्डी देवी पत्नी रफीक निवासी सूसामई की वहीं मौत हो गई, जबकि रामवती पत्नी कप्तान सिंह निवासी गांव जाऊ की सीएचसी में मौत हो गई। ग्रामीणों ने घायलों को निजी वाहनों से कस्बे के निजी और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में भगवान दास पुत्र बाबू लाल निवासी बस्तोई, महेंद्र पुत्र प्यारे लाल नौजनपुर, राजन पुत्र मोहर सिंह नगला तुर्सी, महेंद्र पुत्र राजपाल बस्तोई, सियाराम पुत्र करन सिंह बस्तोई, मेघ सिंह पुत्र बाबूलाल निवासी बस्तोई, माया देवी बस्तोई, अनीश सूसामई, बच्चू सिंह बसई, सम्मो पत्नी गुलमोहर की हालत गंभीर थी। इनमें से आठ लोगों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। सूचना पर मौके पर पहुंची हसायन पुलिस की गाड़ी को गुस्साई भीड़ ने पथराव का दौड़ा दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने मेटाडोर में आग लगाने की भी कोशिश की। गुस्साई भीड़ ने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इसके बाद मेटाडोर को उठाने आई क्रेन को ग्रामीणों ने पथराव कर भगा दिया। बाद में एसओ दिनेश दुबे ने आकर लोगों को समझाया। शाम सात बजे पूर्व परिवहन निदेशक आशीष शर्मा के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
साभार - अमर उजाला

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 1
Post ADS 2